Friday, 20 November 2026

पितरों की पंक्ति में मां कहां है

पितरों की पंक्ति में माँ कहाँ है?

— एक प्रश्न उस परंपरा से, जो वंश तो पुरुष का गिनती है, पर उसे जन्म देने वाली नारी को भूल जाती है।

जिसने नौ मास गर्भ में रखकर,
रक्त से सींचा, प्राण दिया,
अपनी हँसती आँखों के बदले,
जिसने आँसू का दान दिया।

जिसने उँगली पकड़ चलाया,
जिसने पहला शब्द सिखाया,
जिसकी छाती के अमृत ने,
इस जग में पुरुष बनाया।

आज उसी के पुत्र खड़े हैं,
पितरों का आह्वान लिए,
दादा, परदादा के नामों से,
श्रद्धा के दीप जलाए हुए।

पर पूछ रहा हूँ युग से मैं,
यह कैसी रीति बनाई है?
जिसने जन्म दिया उस माँ की,
पितरों में जगह कहाँ पाई है?

जिसकी कोख से वंश चला,
जिसके त्याग से कुल पलता था,
जिसके आँचल की छाया में,
हर पुरुष वीर निकलता था।

जिसने अपना नाम भुलाकर,
घर की पहचान सँभाली थी,
जिसने अपनी इच्छाएँ त्यागीं,
पीढ़ियों की नींव डाली थी।

वह माँ, वह दादी, वह नानी,
वह परदादी, वह जननी,
क्या केवल इसलिए भुला दी गईं,
कि वे थीं नारी, पुरुष नहीं?

हे धर्मध्वजों! उत्तर दो तुम,
यह कैसा धर्म-विधान हुआ?
जिसके ऋण से मुक्त न हो सकते,
उसका ही विस्मरण क्यों हुआ?

जिस धरती को माता कहते,
गंगा को माँ का मान दिया,
दुर्गा, काली, लक्ष्मी के आगे,
शीश झुकाकर प्रणाम किया।

फिर घर की उस जीवित देवी को,
इतिहास में क्यों विस्मृत किया?
जिसने पुरुष बनाया जग में,
उसका नाम क्यों वर्जित किया?

मैं धर्म मिटाने नहीं चला,
मैं धर्म जगाने आया हूँ,
परंपरा के बंद कपाटों पर,
सत्य का दीप जलाने आया हूँ।

श्रद्धा यदि सच्ची है मन में,
तो भेदभाव का स्थान नहीं,
पितरों की पावन सूची में,
माँ से बढ़कर नाम नहीं।

जिस दिन श्राद्ध के पावन जल में,
माँ का नाम भी गूँजेगा,
उस दिन ही मानव का मस्तक,
सच्चे अर्थों में ऊँचा होगा।

पिता के संग माँ का भी स्मरण हो,
दादा संग दादी का नाम रहे,
नाना के संग नानी का भी,
श्रद्धा में पूरा सम्मान रहे।

क्योंकि वंश केवल पुरुषों से,
कभी अकेला चलता नहीं,
नारी के त्याग और तप के बिन,
कोई कुल आगे बढ़ता नहीं।

इतिहास भले ही नाम छिपाए,
सत्य नहीं छिप पाएगा,
जिसने जन्म दिया है मानव को,
वह पितरों में स्थान भी पाएगा!

— मनोज मैहता , नगरोटा बगवां

No comments:

Post a Comment

पितरों की पंक्ति में मां कहां है

पितरों की पंक्ति में माँ कहाँ है? — एक प्रश्न उस परंपरा से, जो वंश तो पुरुष का गिनती है, पर उसे जन्म देने वाली नारी को भूल जाती है। जिसने ...